प्रागपुरा कस्बे के मुख्य बाजार में तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले हादसों पर अंकुश लगाने की दिशा में अब प्रशासन ने कदम बढ़ाया है। लंबे समय से स्पीड ब्रेकर की मांग कर रहे कस्बेवासियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। पूर्व जिला पार्षद ललित गोयल एवं उनकी पत्नी तथा वर्तमान वार्ड संख्या 42 की पार्षद रजनी गोयल की पहल पर सार्वजनिक निर्माण विभाग ने बाजार के प्रमुख स्थानों पर स्पीड ब्रेकर निर्माण करवाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

गौरतलब है कि प्रागपुरा के मुख्य बाजार में स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण कार एवं मोटरसाइकिल चालक कई बार तेज गति से वाहन निकालते हैं। बाजार में राहगीरों, दुकानदारों और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की लगातार आवाजाही रहती है। इसके बावजूद वाहनों की तेज रफ्तार के चलते दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पूर्व में यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें जनहानि की घटनाएं भी शामिल हैं।

बीते दिनों दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत होने के बाद इस समस्या ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया। आमजन की सुरक्षा को देखते हुए पूर्व जिला पार्षद ललित गोयल ने तत्काल पहल करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय में ज्ञापन प्रस्तुत कर प्रागपुरा मुख्य बाजार में स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग उठाई।
ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी प्रवीण गुप्ता को मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रवीण गुप्ता की ओर से चीफ इंजीनियर (रोड) मुकेश भाटी को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। चीफ इंजीनियर ने कोटपूतली के अधीक्षण अभियंता को निर्देश जारी किए, जिसके बाद अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता को भी जल्द से जल्द निर्माण कार्य करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
प्रस्तावित योजना के तहत मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर प्रागपुरा बाजार के अंतिम छोर पर स्थित नृसिंह मंदिर तक विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे। इनमें नवल गोयल की दुकान के सामने, सुभाष चौक के पास, अमरनाथ अग्रवाल की दुकान के पास, खंडेलवाल मोहल्ले के पास, चतुर्भुज मंदिर के सामने, नृसिंह मंदिर के पास तथा छाजू सैनी के पास सहित अन्य चिह्नित स्थान शामिल हैं।
वार्ड पार्षद रजनी गोयल ने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उनकी प्राथमिकता है। ‘मेरा ग्राम सर्वप्रथम, गांव की सुरक्षा सर्वप्रथम’ के संकल्प के साथ प्रागपुरा के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
प्रशासन की ओर से स्पीड ब्रेकर निर्माण के निर्देश जारी होने पर कस्बेवासियों ने पहल का स्वागत किया है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रस्तावित कार्य जल्द धरातल पर उतरेंगे, जिससे बाजार में वाहनों की रफ्तार नियंत्रित होगी और राहगीरों, व्यापारियों तथा स्कूली बच्चों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।