सरकारी विद्यालयों की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रागपुरा के पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के अधीन संचालित इंडोर स्टेडियम परिसर में चोरों ने तीसरी बार सेंध लगाते हुए पानी की मोटर की कॉपर केबल चोरी कर ली। हैरानी की बात यह है कि विद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को पेयजल संकट से बचाने के लिए मंगलवार को ही करीब 80 मीटर नई कॉपर वायर लगवाई थी, लेकिन अज्ञात चोरों ने रात में उसे भी नहीं छोड़ा। लगातार हो रही चोरी से विद्यालय की पानी व्यवस्था चरमरा गई है।

मामला दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 की सर्विस लाइन स्थित विद्यालय के इंडोर स्टेडियम परिसर का है। यहां लगी बोरिंग से मोटर के जरिए विद्यालय में पानी पहुंचाया जाता है। करीब 15 दिन पहले भी चोर केबल काटकर ले गए थे। विद्यालय प्रशासन ने मरम्मत करवाकर नई वायर लगवाई, लेकिन अगली ही रात फिर चोरी हो गई।

बुधवार सुबह प्राचार्य विपिन कुमार मामोडिया ने जब पानी की टंकी भरने के लिए स्टार्टर चालू किया तो मोटर से पानी की आपूर्ति नहीं हुई। जांच के दौरान बोरिंग की नई कॉपर केबल गायब मिली। इससे स्पष्ट हुआ कि रात के समय अज्ञात व्यक्ति केबल काटकर ले गए हैं। घटना के बाद विद्यालय में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्याख्याता मालाराम यादव ने बताया की स्थानीय विद्यालय के प्राचार्य विपिन कुमार मामोडिया के नेतृत्व में 18 नवंबर 2026 को प्रागपुरा थाने में लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। प्राचार्य के अनुसार, पिछले तीन महीनों में यह तीसरी चोरी है। लगातार वारदातें होने के बावजूद चोरों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ विद्यालय की आवश्यक सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
प्राचार्य ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों का जल्द पता लगाया जाए और उन्हें गिरफ्तार कर वारदातों का खुलासा किया जाए। उन्होंने विद्यालय और इंडोर स्टेडियम के आसपास रात में नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही खेल मैदान में देर रात तक बैठने वाले नशेड़ियों एवं असामाजिक प्रवृत्ति के युवकों की गतिविधियों पर रोक लगाने की अपील की, ताकि विद्यालय परिसर में सुरक्षा का माहौल कायम हो सके।