धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा को समर्पित एक बड़े आयोजन की शुरुआत पावटा के हिर की बावड़ी स्थित श्री बाबा बालनाथ आश्रम में रविवार को हुई। यहां आगामी श्री शिवशक्त्यात्मक 108 कुण्डीय लक्षचण्डी महायज्ञ के निमित्त भूमि पूजन एवं धर्मध्वजा स्थापना समारोह श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। श्री श्री 1008 बाबा बालनाथ जी महाराज की प्रेरणा और श्री श्री 108 बाबा बस्तीनाथ जी महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

वैदिक परंपराओं के अनुसार विद्वान पंडितों ने मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन की रस्में पूरी करवाईं। इसके बाद विधिवत धर्मध्वजा स्थापित की गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने महायज्ञ को क्षेत्र के लिए धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए आयोजन की सफलता के लिए मंगलकामनाएं कीं।

आयोजन की जानकारी देते हुए विकास यादव ने बताया कि 7 अप्रैल 2027 को महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ होगा। यह धार्मिक महाअनुष्ठान 4 अप्रैल 2028 तक निरंतर चलेगा। पूरे वर्ष दिन और रात यज्ञ की आहुतियों के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से संत-महात्माओं, धर्माचार्यों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन समिति द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं तथा धर्मप्रेमी नागरिकों से तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की गई है।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व विधायक शकुंतला रावत, पूर्व विधायक फूलचंद भिण्डा, पीसीसी सदस्य जगदीश मीणा, पूर्व सरपंच मदन यादव, रोशन धनखड़, सुरेश गिठाला, सरपंच अनिल चौधरी, कमलेश गुर्जर, डॉ. सुरेंद्र यादव, जीतू हुड्डा, सुरेश डागर, राहुल यादव, बुलाराम, जगन चौधरी तथा डॉ. नीलम यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।