प्रागपुरा कस्बे के इंडोर स्टेडियम स्थित मोक्षधाम परिसर में बने महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग महादेव मंदिर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए साउंड मशीन और बोरिंग के करीब 58 मीटर कॉपर तार चोरी कर लिए। मंदिर में आरती और भजन के लिए लगाई गई साउंड मशीन गायब मिलने तथा बोरिंग के तार कटे हुए मिलने से श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।

मंदिर की देखरेख कर रहे करण मेहरा पुत्र जगदीश प्रसाद मेहरा ने प्रागपुरा पुलिस थाने में परिवाद पेश कर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने और चोरी की वारदात का खुलासा करने की मांग की है। परिवाद में बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति रात्रि के समय मंदिर परिसर से साउंड मशीन तथा बोरिंग में लगे लगभग 58 मीटर कॉपर तार काटकर ले गए।

करण मेहरा ने बताया कि मंदिर में इससे पहले भी दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों से श्रद्धालुओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल पर बार-बार चोरी होना चिंता का विषय है।
घटना को लेकर हरिराम यादव, विकास पाराशर, मोनू सैनी, रूपसिंह शेखावत, जयसिंह कुमार, अंकित सैन, बनवारी लाल, विक्रम कुमार, जगदीश सैनी, राहुल पाराशर, ललित सैनी, दीपक सैनी, अमित जांगिड़, राजू सोनी, लोकेश, नेतराम, अशोक एवं रामनिवास सहित अन्य लोगों ने पुलिस प्रशासन से चोरी का जल्द खुलासा करने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।