उपप्रधान पद के चुनाव में दो प्रत्याशियों के आमने-सामने आने से कोटपूतली पंचायत समिति में शनिवार को राजनीतिक हलचल बनी रही, लेकिन नाम वापसी के अंतिम दौर में घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया। भाजपा प्रत्याशी सोनू कुमारी के नामांकन वापस लेने के साथ ही कांग्रेस की उर्मिला देवी गुर्जर निर्विरोध उपप्रधान चुन ली गईं। इस तरह वार्ड संख्या 16 से सदस्य निर्वाचित उर्मिला देवी गुर्जर को पंचायत समिति के उपप्रधान पद की जिम्मेदारी मिली।

दरअसल, उपप्रधान पद के लिए कांग्रेस ने वार्ड संख्या 16 की सदस्य उर्मिला देवी गुर्जर को प्रत्याशी बनाया था, जबकि भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 01 की सदस्य सोनू कुमारी ने नामांकन दाखिल किया। दोनों के नामांकन के बाद चुनावी मुकाबले के आसार थे, लेकिन नाम वापसी के निर्धारित समय में सोनू कुमारी ने अपना नामांकन वापस ले लिया। एकमात्र प्रत्याशी रह जाने पर निर्वाचन अधिकारी ने उर्मिला देवी गुर्जर को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया।

निर्वाचन अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी योगेश सिंह देवल ने निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित उपप्रधान को प्रमाण-पत्र सौंपा और पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं तहसीलदार रामधन गुर्जर भी इस दौरान उपस्थित रहे।

चुनाव के मद्देनजर पंचायत समिति परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। परिसर के बाहर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा। कोटपूतली एसएचओ कृष्ण कुमार के नेतृत्व में पुलिस जाप्ते ने व्यवस्था संभाली। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।

उर्मिला देवी गुर्जर के निर्विरोध चुने जाने की खबर मिलते ही कांग्रेस समर्थकों में खुशी का माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए और मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित उपप्रधान ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पंचायत समिति सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान, जिलाध्यक्ष इन्द्राज गुर्जर, पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना, पूर्व विधायक रामचन्द्र रावत, जिला प्रमुख रामनिवास यादव, कांग्रेस नेता सुभाष घोघड़ और प्रधान मीनाक्षी यादव सहित सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया।
उर्मिला देवी गुर्जर ने कहा कि पंचायत समिति क्षेत्र के गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता रहेगा। पेयजल की समस्या दूर करने, सड़कों का निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए काम किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों को सुदृढ़ करने के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करवाने के लिए पंचायत समिति स्तर पर नियमित जनसुनवाई की व्यवस्था करने का प्रयास रहेगा।