पावटा में अपर जिला एवं सत्र न्यायालय की स्थापना की मांग, अभिभाषक संघ ने सांसद व विधायक को सौंपा ज्ञापन

पावटा अभिभाषक संघ के अध्यक्ष एडवोकेट रामनिवास यादव के नेतृत्व में बार एसोसिएशन के सदस्यों ने जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह एवं विराटनगर विधायक कुलदीप धनखड़ को ज्ञापन सौंपकर पावटा उपखण्ड मुख्यालय पर अपर जिला एवं सत्र न्यायालय स्थापित करने की मांग उठाई है। इस अवसर पर अभिभाषक संघ अध्यक्ष एडवोकेट रामनिवास यादव ने कहा कि जिला मुख्यालय पर पहले से ही जिला एवं सत्र न्यायालय के साथ चार अन्य अपर जिला एवं सत्र न्यायालय संचालित हैं।

पावटा में अपर जिला एवं सत्र न्यायालय की स्थापना की मांग, अभिभाषक संघ ने सांसद व विधायक को सौंपा ज्ञापन
अपर जिला एवं सत्र न्यायालय की स्थापना की मांग

यादव ने बताया की अपर जिला एवं सत्र न्यायालय क्रम संख्या 4 का मुख्यालय पावटा कर दिया जाता है, तो पावटा उपखण्ड क्षेत्र की जनता को न्याय के लिए जिला मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें त्वरित न्याय मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि इस मांग को पूरा करने के लिए राज्य सरकार को न तो नया न्यायाधीश नियुक्त करना होगा और न ही अतिरिक्त स्टाफ या अलग से बजट की आवश्यकता पड़ेगी। केवल न्यायालय का मुख्यालय परिवर्तन करने से ही यह व्यवस्था संभव हो सकती है।

एडवोकेट रामनिवास यादव ने बताया कि कोटपूतली-बहरोड़ मुख्यालय पर लंबित सिविल, फौजदारी एवं अपीलीय मामलों में लगभग 40 प्रतिशत मामले पावटा उपखण्ड क्षेत्र से संबंधित हैं। ऐसे में पावटा में अपर जिला एवं सत्र न्यायालय स्थापित होना न्यायहित में अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान वरिष्ठ पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश सैनी, वरिष्ठ अधिवक्ता दीपक गोयल, कोषाध्यक्ष मुकेश यादव, सचिव सुरेंद्र शेखावत, उपाध्यक्ष राजेश यादव, धर्मपाल यादव, अनिल यादव सहित अनेक अभिभाषक उपस्थित रहे।

Author