पावटा तहसील एवं उपखंड कार्यालय परिसर से वरिष्ठ सहायक कुलदीप मीणा की मोटरसाइकिल चोरी हुए छह दिन बीत गए, लेकिन पुलिस अब तक बाइक का पता नहीं लगा सकी है। घटना से तहसील परिसर में कार्यरत कर्मचारियों और पावटा बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों में नाराजगी है। कर्मचारियों में अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

कुलदीप मीणा के अनुसार वे 21 अगस्त को सुबह करीब 9:30 बजे मोटरसाइकिल नंबर RJ 32 SK 6232 से तहसील कार्यालय पहुंचे थे। बाइक परिसर में खड़ी कर वे कार्यालय चले गए। शाम करीब 6 बजे लौटे तो बाइक गायब मिली। आसपास तलाश करने तथा लोगों से पूछताछ के बावजूद मोटरसाइकिल का कोई पता नहीं चला।

कुलदीप मीणा ने घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन करीब एक सप्ताह होने के बावजूद बाइक बरामद नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका कहना है कि व्यस्त सरकारी कार्यालय परिसर से वाहन चोरी होना गंभीर विषय है और मामले में पुलिस को जल्द प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
तहसील कार्यालय एवं उपखंड कार्यालय के सामने पुलिस चौकी होने के साथ ही पास हि जवाहर नवोदय विद्यालय और पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका कार्यालय भी हैं। ऐसे व्यस्त क्षेत्र से वाहन चोरी होने पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं का कहना है कि तहसील परिसर में बड़ी संख्या में कर्मचारी, अधिवक्ता और आमजन अपने वाहन लेकर पहुंचते हैं। इसके बावजूद पर्याप्त निगरानी एवं सीसीटीवी व्यवस्था का अभाव चिंता का विषय है। कर्मचारियों में यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि सरकारी कार्यालय परिसर में खड़े कर्मचारी के वाहन की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है तो आमजन के वाहनों की सुरक्षा किस प्रकार होगी।
मामले में कुलदीप मीणा ने एसडीएम बृजेश चौधरी के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई एवं बाइक बरामद करने की मांग की। इस दौरान पटवार संघ जिला अध्यक्ष लेखराज गुर्जर, उपशाखा अध्यक्ष मुकेश वर्मा, महेश स्वामी, विजय यादव, संदीप कुमार, मनीष यादव, भू-अभिलेख निरीक्षक रामनिवास मीणा, कुलदीप मीणा, राजपाल मीणा और भरत चौधरी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।