
न्यूज़ चक्र। कोटपूतली कस्बा स्थित ग्राम बनेठी में एक अनोखा और भावुक दृश्य देखने को मिला, जब महेश खारड़िया ने अपनी पुत्री की शादी से पहले उसे घोड़ी पर बैठाकर पूरे मान-सम्मान के साथ भव्य बिनौरी निकाली। परंपराओं के बीच बदलते समय की यह तस्वीर गांव ही नहीं, पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का पल बन गई।

आमतौर पर बेटों की शादियों में घोड़ी चढ़ने की परंपरा देखी जाती है, लेकिन इस पहल ने बेटी को समान सम्मान देने का संदेश मजबूती से समाज तक पहुंचाया। बिनौरी के दौरान गांव की गलियों में उत्साह, संगीत और खुशियों का माहौल रहा। लोग घरों से बाहर निकलकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने और बेटी को आशीर्वाद दिया।
इस मौके पर एडवोकेट कपिल वर्मा, केदार खारड़िया, रूपेश खारड़िया, मुकेश खारड़िया, ललित खारड़िया, नितिन खारड़िया, दुलीचंद खारड़िया, आर्यन चौधरी और प्रकाश जेलर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने महेश खारड़िया की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बेटी की आंखों में चमक और पिता के चेहरे पर गर्व साफ झलक रहा था। यह बिनौरी सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान और समान अधिकार का जीवंत संदेश बनकर लोगों के दिलों को छू गई।



