रामसिंहपुरा स्थित डॉ. अम्बेडकर छात्रावास में रविवार को डॉ. अम्बेडकर विचार मंच (समिति) जिला कोटपूतली-बहरोड़ एवं कोटपूतली ब्लॉक की आमसभा आयोजित की गई। पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित बैठक में सर्वप्रथम भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस दौरान वक्ताओं ने समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया तथा उपस्थित सदस्यों ने अपने अधिकारों के लिए न्यायसंगत और संवैधानिक मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

आमसभा में संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श प्रस्तावित था। इनमें जिला एवं ब्लॉक की आय-व्यय का लेखा-जोखा, डॉ. अम्बेडकर छात्रावास की मरम्मत एवं रंग-रोगन तथा संविधान दिवस समारोह को बेहतर ढंग से मनाने जैसे मुद्दे शामिल थे।

हालांकि बैठक में निर्धारित कोरम पूरा नहीं होने के चलते प्रस्तावित एजेंडे पर चर्चा नहीं हो पाई। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने आपसी सहमति से आमसभा स्थगित करने का निर्णय लिया। साथ ही तय किया गया कि इन महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा एवं निर्णय के लिए जल्द ही पुनः आमसभा बुलाई जाएगी।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पूरन सिंह, उप जिलाध्यक्ष हरिपाल वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश मेघवाल, कोषाध्यक्ष बंशीधर, सिद्धार्थ, सुभाष जेलर, रामनिवास, जॉनी वर्मा, कृष्ण वर्मा, राजवीर, अनिल आजाद, लोकेश वर्मा, संदीप सुरेला, अशोक सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। अंत में ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश मेघवाल ने उपस्थितजनों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।