शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ठ योगदान, समर्पण और निष्ठा के लिये राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले का मान पूरे देश में बढ़ने जा रहा है। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बेरीबांध, पावटा के शिक्षक चिरंजी लाल आर्य का चयन अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा प्रतिष्ठित ‘’वैश्विक शिक्षक रत्न अवॉर्ड’’ के लिये किया गया है।

आगामी 20 सितम्बर रविवार को नई दिल्ली के दि इंडियन सोसायटी ऑफ इंटरनेशनल लॉ में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय शिक्षक सम्मेलन एवं विचार प्रेजेंटेशन-2026 (शिक्षक दिवस समापन महोत्सव) में उन्हें इस गरिमामयी सम्मान से नवाजा जायेगा।

अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच चयन समिति के अध्यक्ष डॉ. हुकुम चन्द गणेशिया (चांसलर) द्वारा चिरंजी लाल आर्य के नाम पर मुहर लगाई गई है। मंच के संयोजक डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा ने बताया कि समारोह में देश भर से चयनित 51 विशिष्ठ शिक्षकों को 25 देशों के राष्ट्रीय ध्वजों और शीर्ष वैष्विक अतिथियों की उपस्थिति में सम्मानित किया जायेगा।
इस दौरान चिरंजी लाल आर्य भारत की शक्ति, पंचशील सिद्धांत, वैश्विक शांति और सामाजिक समरसता पर अपने विचार भी प्रस्तुत करेंगे। समारोह में मंच द्वारा चिरंजीलाल आर्य को दिसंबर 2026 में नेपाल में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए भी आधिकारिक रूप से आमंत्रित किया जायेगा।
वैश्विक शिक्षक रत्न अवॉर्ड के लिये नाम घोषित होने के बाद से ही चिरंजीलाल आर्य को विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों द्वारा लगातार बधाई और शुभकामनाएं मिल रही हैं। मंच के सांस्कृतिक सचिव विवेक स्वामी ने बताया कि कार्यक्रम 20 सितम्बर को प्रातः 09ः30 बजे स्वागत एवं पंजीकरण के साथ शुरू होगा और दोपहर 02 बजे इसका समापन होगा।