मुख्य चौराहा व अस्पताल रोड चारों दिशाओं से जाम, जिम्मेदार नदारद
न्यूज़ चक्र। कोटपूतली शहर में बुधवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आई, जब चारों ओर से शहर जाम की चपेट में आ गया। सभी प्रमुख सड़क मार्गों पर लंबा जाम लग गया, जिससे हजारों की संख्या में दुपहिया और चौपहिया वाहन फंस गए।

मुख्य चौराहे से लेकर एलबीएस महाविद्यालय, डाबला रोड और बीडीएम अस्पताल मार्ग तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। करीब दो घंटे तक हालात जस के तस बने रहे, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भीषण गर्मी में स्थिति और भी गंभीर हो गई। लगभग 45 डिग्री तापमान के बीच लोग जाम में फंसे रहे, जिससे उनका हाल बेहाल हो गया। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ी।

सबसे बड़ी बात यह रही कि जाम खुलवाने के लिए मौके पर एक भी पुलिसकर्मी नजर नहीं आया। यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस की अनुपस्थिति से लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके।