उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर खाटूश्यामजी जा रहे थे यात्री, हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सिमलिया क्षेत्र में कुराड़िया एक्सचेंज के पास यात्रियों से भरी एक मिनी बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे से नीचे उतर गई और खाई में पलट गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश नंबर की मिनी बस में सवार यात्री भोपाल से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के बाद वे खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कुराड़िया एक्सचेंज के पास बस चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस सड़क से नीचे जाकर पलट गई।

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे के कारणों की जांच
पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर यह जांच की जा रही है कि सड़क पर अचानक किसी आवारा पशु के आने या चालक को झपकी लगने के कारण बस अनियंत्रित हुई थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।