न्यूज़ चक्र, कोटपूतली। नगर निकाय चुनाव के लिए कोटपूतली-बहरोड़ जिले की पांच निकायों में मतदान शुरू हो गया है। जिले में कुल 250 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसी बीच कोटपूतली में ईवीएम में तकनीकी खराबी के चलते कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान प्रभावित हुआ और मतदाताओं को इंतजार करना पड़ा।

नगर परिषद कोटपूतली के वार्ड नंबर 27, भाग संख्या 1 के मतदान केंद्र संख्या 46 पर ईवीएम में खराबी आने के कारण सुबह से मतदान शुरू नहीं हो सका। मशीन खराब होने के चलते मतदान केंद्र पर पहुंचे मतदाता कतार में खड़े होकर इंतजार करते रहे।
वहीं वार्ड नंबर 28 के बूथ संख्या 47 पर भी ईवीएम में तकनीकी खराबी सामने आई। इसके बाद मशीन को बदलने की प्रक्रिया शुरू की गई। मशीन खराब रहने के दौरान बूथ पर मतदाताओं की भीड़ बढ़ती गई और लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
मतदान केंद्रों पर ईवीएम में आई तकनीकी दिक्कतों के कारण मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर सुबह मतदान के लिए पहुंचे लोगों को मशीन चालू होने का इंतजार करना पड़ा।
गौरतलब है कि कोटपूतली-बहरोड़ जिले में नगर परिषद कोटपूतली तथा नगर पालिका नारायणपुर, विराटनगर, पावटा-प्रागपुरा और बानसूर सहित कुल पांच निकायों में चुनाव हो रहे हैं।
