कोटपूतली नगर परिषद सभापति पद के लिए 8 नामांकन, भाजपा-कांग्रेस के साथ निर्दलीयों ने भी ठोकी ताल

न्यूज़ चक्र, कोटपूतली। नगर परिषद चुनाव में पार्षदों के परिणाम सामने आने के बाद अब सभापति पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नगर परिषद कोटपूतली के सभापति पद के लिए प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की जानकारी निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी कर दी गई है। 16 सितंबर को जारी सूचना के अनुसार सभापति पद के लिए कुल 8 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए हैं।

कोटपूतली नगर परिषद सभापति पद के लिए 8 नामांकन, भाजपा-कांग्रेस के साथ निर्दलीयों ने भी ठोकी ताल

निर्वाचन अधिकारी नगर परिषद कोटपूतली एवं उपखंड अधिकारी योगेश देवल की ओर से जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजी गई सूचना में उम्मीदवारों के नाम, पते और दल संबंधी जानकारी दी गई है।

जारी सूची के अनुसार महेन्द्र कुमार सैनी (पूर्व अध्यक्ष) ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है। इसी नाम से एक निर्दलीय नामांकन भी सामने आया है। सुषमा सैनी ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया है।

वहीं वार्ड नंबर 35, मोहल्ला बड़ाबास निवासी रमेश चन्द पायला ने इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है, जबकि इसी नाम से एक निर्दलीय नामांकन भी दर्ज है।

इसके अलावा चंद्रदास कॉलोनी, डाबला रोड निवासी कमल सैनी ने भारतीय जनता पार्टी की ओर से नामांकन किया है। मोहल्ला बूचाहेड़ा, सरदार स्कूल के सामने निवासी प्रकाश सैनी ने इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है। वहीं कल्याणपुरा खुर्द तहसील कोटपूतली निवासी दिनेश पुत्र रामनिवास ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया है।

इस तरह सभापति पद की दौड़ में भाजपा और कांग्रेस के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों की भी मौजूदगी सामने आई है। हालांकि निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी दस्तावेज में ये नाम “प्राप्त नाम निर्देशन पत्र” के रूप में दर्ज हैं। आगे नामांकन पत्रों की जांच और निर्वाचन प्रक्रिया के अगले चरणों के बाद ही अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

पार्षद चुनाव के परिणामों के बाद अब कोटपूतली नगर परिषद में सभापति पद को लेकर राजनीतिक समीकरणों पर सबकी नजर है। 60 वार्डों के नतीजों ने बोर्ड के गठन की तस्वीर सामने रख दी है और अब सभापति पद के लिए कौन मैदान में कायम रहता है, यह चुनावी प्रक्रिया के अगले चरण में स्पष्ट होगा।

न्यूज़ चक्र की नजर अब सभापति पद के नामांकन से लेकर नामांकन जांच, नाम वापसी और आगे की पूरी प्रक्रिया पर रहेगी।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।