बच्चों को अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, प्रागपुरा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटपूतली-बहरोड़ की सचिव नीलम मीणा के निर्देशानुसार हुआ।

कार्यक्रम में पावटा सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट पूजा धानियां मुख्य अतिथि रहीं, जबकि विद्यालय प्राचार्य विपिन कुमार मामोडिया ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम से पहले विद्यालय स्टाफ ने अतिथियों का माला, साफा एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत-सम्मान किया। इसके बाद विद्यार्थियों के बीच ‘अजनबियों से सावधान—मना करो, दूर जाओ, बताओ’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम हुआ।

न्यायाधीश पूजा धानियां ने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी अनजान व्यक्ति की बातों में आने, लालच या डर के कारण उसके साथ जाने के बजाय सतर्क रहना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति असहज स्थिति पैदा करता है तो बिना झिझक ‘नहीं’ कहें, सुरक्षित स्थान की ओर जाएं और तत्काल अभिभावक, शिक्षक या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को जानकारी दें। उन्होंने कहा कि किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय समय पर बताना सुरक्षा की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है।
शिविर में विद्यालय परिसर में ‘कोर्ट वाली दीदी’ शिकायत एवं सुझाव पेटी की शुरुआत भी की गई। इस पेटी का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी शिकायत, समस्या अथवा सुझाव बिना संकोच संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाने का माध्यम उपलब्ध कराना है। विद्यार्थियों को बताया गया कि वे अपनी समस्या लिखकर पेटी में डाल सकते हैं। इससे उन मामलों को सामने लाने में मदद मिलेगी, जिन्हें विद्यार्थी संकोच के कारण सीधे किसी शिक्षक या अधिकारी के सामने नहीं रख पाते।
प्राचार्य विपिन कुमार मामोडिया ने कहा कि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की शिक्षा के साथ उनके कानूनी अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी देना भी जरूरी है। विधिक जागरूकता से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे विपरीत परिस्थितियों में बेहतर निर्णय ले सकते हैं।
कार्यक्रम में पीएलवी ममता शर्मा, उपप्राचार्य मनीषा यादव, सुशीला मीणा, धन्नी यादव, कृष्णा यादव, रजनी बाला योगी, पूनम यादव, संजीता कुमारी, पुष्पा कुमारी, व्याख्याता मालाराम यादव, धोलाराम यादव, सुरेंद्र चौधरी, रामजीलाल गुर्जर, निखिल गुप्ता, मुकेश जाट, सुभाष स्वामी, अरुण कुमार मीणा, प्रकाश गुर्जर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
शिविर में विद्यार्थियों को सतर्कता, आत्मविश्वास और समय पर सूचना देने का संदेश दिया गया। ‘कोर्ट वाली दीदी’ पेटी की शुरुआत को विद्यालय में बच्चों की समस्याओं और सुझावों को सुरक्षित तरीके से सामने लाने की उपयोगी पहल बताया गया।