बदलते दौर में जहां समाज को एकता और भाईचारे की सबसे अधिक आवश्यकता है, वहीं प्रागपुरा कस्बे का करीब एक हजार वर्ष पुराना जाहर गोगा पीर मंदिर आज भी सामाजिक समरसता, सांप्रदायिक सौहार्द और लोक आस्था की अनूठी मिसाल बना हुआ है। इस ऐतिहासिक मंदिर में हिन्दू, मुस्लिम और सिख समुदाय के श्रद्धालु समान श्रद्धा के साथ माथा टेकते हैं और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

राजस्थान के लोकदेवता गोगाजी महाराज को हिन्दू समाज जाहर वीर गोगाजी के रूप में पूजता है, जबकि मुस्लिम समुदाय उन्हें गोगापीर के नाम से सम्मान देता है। लोक मान्यता के अनुसार वे सर्पों के देवता, गौ-रक्षक तथा जनकल्याण के लिए समर्पित लोकनायक थे। यही कारण है कि हर वर्ग और हर समुदाय के लोगों की उनके प्रति गहरी आस्था है।

स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दूसरे दिन मंदिर में पारंपरिक मसाल प्रज्ज्वलित की जाती है, जबकि भाद्रपद कृष्ण पक्ष की नवमी को विशाल गोगाजी मेले का आयोजन होता है। इस अवसर पर डैरूं और कांसी के कचौले की गूंज के बीच भजन, सत्संग और रात्रि जागरण का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दराज़ से हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं।
गोगा नवमी के दिन घर-घर में गोगाजी के चित्र या ध्वज के समक्ष खेजड़ी की डाली स्थापित कर हलवा-पूरी का भोग लगाया जाता है तथा अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित की जाती है। श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर गोगाजी के चरणों में हाजिरी लगाते हैं, छत्र अर्पित करते हैं, रक्षा सूत्र बांधते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि एवं संकटों से रक्षा की मन्नत मांगते हैं।
मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का भी जीवंत उत्सव बन जाता है। यहां विभिन्न समुदायों के लोग बिना किसी भेदभाव के एक-दूसरे के साथ श्रद्धा और सहयोग की भावना से शामिल होते हैं। यही कारण है कि प्रागपुरा का जाहर गोगा पीर मंदिर आज भी “अनेकता में एकता” की भारतीय संस्कृति का सशक्त प्रतीक माना जाता है और आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और मानवता का संदेश देता है।