पावटा के पास बुचारा में तेंदुए का आतंक, 10 बकरियों का किया शिकार, ग्रामीणों में दहशत

पावटा/कोटपूतली। पावटा क्षेत्र के निकट ग्राम बुचारा की ढाणी बड़िया वाली में तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। तेंदुए ने पशुपालक रामप्रताप मीणा पुत्र गुल्लाराम मीणा की 10 बकरियों का शिकार कर लिया, जिससे पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भय व्याप्त है।

 पावटा के पास बुचारा में तेंदुए का आतंक, 10 बकरियों का किया शिकार, ग्रामीणों में दहशत

घटना की सूचना मिलते ही बुचारा नाका प्रभारी मीर सिंह वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां तेंदुए के पगमार्क (पंजों के निशान) मिले। प्रारंभिक जांच में वन विभाग ने तेंदुए के हमले की पुष्टि करते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। मामले की जानकारी कोटपूतली रेंजर सतपाल ढीलान को भी दे दी गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। इस ताजा घटना के बाद लोग अपने बच्चों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। शाम होते ही ग्रामीण घरों में रहने को मजबूर हो रहे हैं और रात के समय बाहर निकलने से बच रहे हैं।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात के समय अकेले बाहर न निकलें, पशुओं को सुरक्षित बाड़ों में रखें तथा तेंदुए की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना दें। वहीं ग्रामीणों ने प्रभावित पशुपालक को शीघ्र मुआवजा दिलाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है।

घटना के बाद पावटा-बुचारा क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि वन विभाग जल्द प्रभावी कार्रवाई कर तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।