कोटपूतली। अल्ट्राटेक सीमेंट, कोटपूतली में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड मजदूर संघ द्वारा भारतीय मजदूर संघ का 72वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर संघ कार्यालय में भारत माता, भगवान विश्वकर्मा तथा भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक स्वर्गीय दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भारतीय मजदूर संघ के जयघोष लगाए और संगठन की विचारधारा तथा श्रमिक हितों की रक्षा के संकल्प को दोहराया।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में फैक्ट्री गेट के बाहर श्रमिकों एवं कर्मचारियों को मिठाई वितरित की गई। इस दौरान श्रमिक एकता, संगठन की मजबूती तथा श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन पिछले 72 वर्षों से श्रमिकों के हितों की रक्षा, राष्ट्रहित और उद्योगहित को साथ लेकर कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी श्रमिकों से एकजुट रहकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन “भारतीय मजदूर संघ जिंदाबाद” और “भारत माता की जय” के जयघोष के साथ हुआ।
