राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा तथा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष इन्द्राज गुर्जर के निर्देश पर बुधवार को जिला मुख्यालय कोटपूतली में पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाणा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक प्रकरण, छात्रों से जुड़े मुद्दों तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कथित गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन से पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुतलों के साथ नगर भ्रमण किया और बाद में पालिका तिराहे पर उनका प्रतीकात्मक दहन किया। इस दौरान केंद्र सरकार की शिक्षा एवं युवा संबंधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारे लगाए गए।

पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाणा ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक से लाखों युवाओं के भविष्य पर संकट खड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज़ उठाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है और लोकतांत्रिक विरोध को दबाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा छात्रों के मुद्दे उठाने पर की गई कथित कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। कांग्रेस युवाओं, किसानों, मजदूरों, गरीबों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ती रहेगी।

विधानसभा संगठन महामंत्री वी.के. नवल ने कहा कि युवाओं का सरकार पर विश्वास बनाए रखने के लिए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही आवश्यक है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता बताई।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक रामचंद्र रावत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामनिवास यादव, कांग्रेस एससी विभाग के जिलाध्यक्ष तारा पूतली, चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव डॉ. अभिलाष मीणा, सेवा दल जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह यादव, कांग्रेस नेता एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सांवत गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश चंद सैनी और एडवोकेट सतीश निमोरिया, मालीराम कसाणा, जयराम सैनी, जगमाल सिंह यादव, हनुमान सैनी, राजेंद्र यादव, रमेश जिंदल, प्रदीप गुर्जर, नीरज पूतली, धर्मेंद्र योगी, कमल मीणा, पवन सैनी, रामकुमार सैनी, सुंदर सैनी, राहुल वाल्मिकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।