
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। रविवार को भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद उनके नाम की औपचारिक घोषणा की गई। इस निर्णय के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने नितिन नवीन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नवीन की संगठनात्मक क्षमता, कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि वे एक कर्मठ, जमीनी और अनुभवशील कार्यकर्ता हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठन और अधिक मजबूत होगा।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भी नितिन नवीन को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने कहा कि उनका संगठनात्मक अनुभव और प्रशासनिक समझ पार्टी के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।
नितिन नवीन बिहार की राजनीति में एक जाना-माना चेहरा हैं। वे पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से चार बार विधायक चुने जा चुके हैं। इसके अलावा वे बिहार सरकार में मंत्री के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के अनुसार नितिन नवीन की कुल संपत्ति 3.1 करोड़ रुपये है, जबकि उन पर 56.7 लाख रुपये का कर्ज है। उनके विरुद्ध दर्ज मामलों में कोई गंभीर आपराधिक प्रकरण शामिल नहीं है।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि नितिन नवीन के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से संगठन को नई दिशा मिलेगी और आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूती प्रदान होगी।





