कहीं सड़क-पानी तो कहीं सफाई और विकास का भरोसा, गांवों में चुनावी चर्चाओं ने पकड़ा जोर
न्यूज़ चक्र। राजस्थान में पंचायत चुनाव को लेकर ग्रामीण इलाकों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। कोटपूतली में सरपंच पद के दावेदार घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से संपर्क साध रहे हैं और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। मतदाताओं को रिझाने के लिए प्रत्याशी गांव के विकास, बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर तरह-तरह के वादे कर रहे हैं।
चुनावी माहौल के बीच गांवों में जनसंपर्क का दौर तेज हो गया है। प्रत्याशी ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और भरोसा दिला रहे हैं कि मौका मिलने पर गांव के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। कहीं सड़क और पेयजल की समस्या दूर करने की बात हो रही है, तो कहीं सफाई व्यवस्था, नालियों, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के वादे किए जा रहे हैं।
ग्राम चुरी से सरपंच पद प्रत्याशी सनीता यादव ने क्या कुछ बताया, सुनिए …
वादों के बीच मतदाताओं की अपनी कसौटी
चुनाव में उतरने वाले प्रत्याशी अपनी-अपनी योजनाएं और प्राथमिकताएं ग्रामीणों के सामने रख रहे हैं। वहीं मतदाता भी प्रत्याशियों की बातों को सुनने के साथ उनके पुराने कामकाज, व्यवहार और गांव के प्रति उनकी जिम्मेदारी को परख रहे हैं। ग्रामीणों के सामने यह सवाल भी है कि चुनाव के दौरान किए जाने वाले वादों में से कितने वादे चुनाव जीतने के बाद धरातल पर उतर पाएंगे।
ग्राम चुरी से सरपंच पद प्रत्याशी राजबाला ने क्या कुछ बताया, सुनिए ...
पंचायत चुनाव में सरपंच का पद गांव के विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान की दृष्टि से अहम माना जाता है। ऐसे में प्रत्याशियों के सामने केवल समर्थन जुटाने की चुनौती नहीं है, बल्कि ग्रामीणों का विश्वास जीतना भी जरूरी है।
ग्राम चुरी से सरपंच पद प्रत्याशी मुनेश यादव ने क्या कुछ बताया, सुनिए …
फिलहाल गांवों में जनसंपर्क और समर्थन जुटाने का सिलसिला जारी है। अब देखना होगा कि प्रत्याशियों के वादे मतदाताओं को कितना प्रभावित करते हैं और ग्रामीण किसे गांव की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला लेते हैं।
यह है चुनावी कार्यक्रम…
राजस्थान पंचायत चुनाव चार चरणों में आयोजित हो रहे हैं। जिला कोटपूतली बहरोड में चुनाव प्रक्रिया दूसरे व तीसरे चरण में रखी गई है।दूसरे चरण के लिए मतदान दल 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 28 अक्टूबर 2026, बुधवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
पंच एवं सरपंच पदों के लिए नामांकन पत्र 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को दाखिल किए जाएंगे। इन पदों के लिए मतदान 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी। उपसरपंच पद के लिए चुनाव 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को आयोजित होगा।
तीसरे चरण का चुनाव कार्यक्रम: तीसरे चरण के लिए मतदान दल 2 नवंबर 2026, सोमवार को निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 3 नवंबर 2026, मंगलवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
पंच एवं सरपंच पदों के लिए नामांकन पत्र 4 नवंबर 2026, बुधवार को दाखिल किए जाएंगे। इन पदों के लिए मतदान 5 नवंबर 2026, गुरुवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होते ही संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी। उपसरपंच पद के लिए चुनाव 6 नवंबर 2026, शुक्रवार को आयोजित होगा।
अलग-अलग ग्राम पंचायत से सरपंच प्रत्याशियों के विचार, विजन से संबंधित समाचार व वीडियो न्यूज़ चक्र पर लगातार उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। अपडेट समाचारों के लिए पढ़ते रहें न्यूज़ चक्र।
