जिला निर्वाचन अधिकारी अपर्णा गुप्ता ने मतदाताओं से की लोकतंत्र के महापर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने की अपील
कोटपूतली-बहरोड़। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिले में द्वितीय चरण के मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके अंतर्गत 28 अक्टूबर को पंचायत समिति कोटपूतली, पावटा, नारायणपुर और बानसूर में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान होगा। वहीं, 30 अक्टूबर को इन्हीं पंचायत समितियों में सरपंच एवं पंच पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। दोनों दिन मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने निर्वाचन क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता का एक-एक वोट लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए सभी मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से मतदान करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से युवा मतदाताओं से पहली बार मतदान के अवसर को लोकतांत्रिक जिम्मेदारी के रूप में निभाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने मतदाताओं से अपने परिवार, पड़ोसियों एवं परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने मतदाताओं से निर्धारित समय पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डालने तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने का आग्रह किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
