कोटपूतली-बहरोड़। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत द्वितीय एवं तृतीय चरण के मतदान के लिए मतदान दल राजकीय लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) महाविद्यालय, कोटपूतली से रवाना होंगे। यहीं से पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य चुनाव के लिए ईवीएम तथा सरपंच-पंच चुनाव की मतदान सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर सोहन सिंह नरुका ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। महाविद्यालय परिसर में स्थापित स्ट्रांग रूम से मतदान सामग्री वितरित की जाएगी। अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 अक्टूबर एवं 2 नवंबर को संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।
उन्होंने मतदान दलों में नियुक्त सभी कार्मिकों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन संबंधी दायित्वों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी।
नरुका ने कार्मिकों से समय पर प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचने और निर्वाचन संबंधी तैयारियां पूर्ण रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्मिक निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित मतदान संपन्न करवाना सुनिश्चित करें।
