पावटा-प्रागपुरा निकाय चुनाव में 52 अभ्यर्थियों ने वापस लिए नामांकन, 45 वार्डों में अब 246 प्रत्याशी मैदान में

नगर पालिका पावटा-प्रागपुरा के आगामी निकाय चुनाव को लेकर नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी मैदान की तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। वार्ड संख्या 1 से 45 तक कुल 52 अभ्यर्थियों ने अपनी अभ्यर्थिता वापस ले ली है। इसके बाद अब नगर पालिका के 45 वार्डों में कुल 246 प्रत्याशी चुनाव मैदान में शेष हैं। जारी की गई सूची के अनुसार नामांकन वापस लेने वाले प्रत्याशियों में विभिन्न वार्डों से निर्दलीय सहित अलग-अलग दलों से जुड़े अभ्यर्थी शामिल हैं। नाम वापसी के बाद प्रत्येक वार्ड में मुकाबले की स्थिति भी स्पष्ट हो गई है।

पावटा-प्रागपुरा निकाय चुनाव में 52 अभ्यर्थियों ने वापस लिए नामांकन, 45 वार्डों में अब 246 प्रत्याशी मैदान में
पावटा-प्रागपुरा निकाय चुनाव में 52 अभ्यर्थियों ने वापस लिए नामांकन, 45 वार्डों में अब 246 प्रत्याशी मैदान में

नाम वापसी के बाद जारी वार्डवार आंकड़ों के मुताबिक भाजपा के 45 और कांग्रेस के भी 45 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के 18 प्रत्याशी मुकाबले में हैं। सबसे बड़ी संख्या निर्दलीय प्रत्याशियों की है, जिनकी संख्या 138 है। इस तरह 45 वार्डों में कुल 246 प्रत्याशी चुनावी मैदान में रह गए हैं। कई वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय तो कई जगह बहुकोणीय नजर आ रहा है। निर्दलीय प्रत्याशियों की बड़ी संख्या ने चुनावी समीकरणों को और रोचक बना दिया है।

पावटा-प्रागपुरा निकाय चुनाव में 52 अभ्यर्थियों ने वापस लिए नामांकन, 45 वार्डों में अब 246 प्रत्याशी मैदान में
पावटा-प्रागपुरा निकाय चुनाव में 52 अभ्यर्थियों ने वापस लिए नामांकन, 45 वार्डों में अब 246 प्रत्याशी मैदान में

वार्डवार आंकड़ों पर नजर डालें तो वार्ड संख्या 45 में सर्वाधिक 14 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके बाद वार्ड 10 में 12, वार्ड 6 में 10 तथा वार्ड 17 में 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं कुछ वार्डों में मुकाबला अपेक्षाकृत सीमित प्रत्याशियों के बीच है। वार्ड 23 और वार्ड 27 में सबसे कम 2-2 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नामांकन वापसी के बाद अब प्रत्याशियों के सामने मतदाताओं तक पहुंचने और अपने पक्ष में माहौल बनाने की चुनौती है। राजनीतिक दलों के साथ-साथ निर्दलीय प्रत्याशी भी वार्डवार समीकरण साधने में जुटेंगे।

नगर पालिका पावटा-प्रागपुरा के 45 वार्डों में नाम वापसी के बाद मुकाबले की तस्वीर सामने आने से चुनावी सरगर्मियां और तेज होने की संभावना है। भाजपा और कांग्रेस ने सभी वार्डों में प्रत्याशी उतारकर आमने-सामने की चुनावी स्थिति बनाई है, जबकि आरएलपी और बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवार कई वार्डों में मुकाबले को बहुकोणीय बना रहे हैं। अब 9 सितंबर को होने वाले मतदान में मतदाता किसे अपना जनप्रतिनिधि चुनते हैं, इसका फैसला 14 सितंबर को होने वाली मतगणना के बाद सामने आएगा।

Author