नगर पालिका पावटा-प्रागपुरा के निकाय चुनाव के बीच गुरुवार को प्रागपुरा पुलिस थाने में उस समय अजीबोगरीब स्थिति बन गई, जब जोधपुरा के पूर्व सरपंच प्रहलाद माठ ड्रिप लगी हालत में थाने के मुख्य गेट के सामने लेट गए। उनके चेहरे पर आंख के पास चोट का निशान भी दिखाई दे रहा था। मौके पर मौजूद लोगों में घटना को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।

प्रहलाद माठ का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई है और शिकायत के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी कृष्णा देवी वार्ड संख्या 28 से नगर पालिका चुनाव लड़ रही हैं। शिकायत के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 7 बजे वे चुनाव को लेकर बातचीत करने के लिए अपने मौसा श्योराम धनकड़ के घर भांकरी गए थे।

आरोप है कि वहां गेट के पास मौजूद आशीष धनकड़ पुत्र कुलदीप धनकड़ ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की तथा गाली-गलौज की। प्रहलाद माठ के मुताबिक घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने नजदीकी कंपाउंडर से उपचार लिया और ड्रिप लगवाकर प्रागपुरा थाने पहुंचे। थाने के गेट के सामने उनकी यह स्थिति देखकर पुलिसकर्मियों ने मामले को गंभीरता से लिया।

इसी दौरान प्रागपुरा थाने में मौजूद विराटनगर वृताधिकारी उमेश कुमार निठारवाल ने प्रहलाद माठ को उठाकर उनकी बात सुनी तथा पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं प्रागपुरा थानाधिकारी भजनाराम ने भी प्रहलाद माठ से लिखित एप्लीकेशन लेने के बाद पुलिस की ओर से उनका मेडिकल करवाने तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही गई।

प्रहलाद माठ की पत्नी कृष्णा देवी के वार्ड 28 से चुनाव मैदान में होने के कारण यह घटनाक्रम निकाय चुनाव के बीच सामने आया है। शिकायत में मारपीट के आरोप लगाए गए हैं, हालांकि आरोपों की पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

अब पुलिस के समक्ष शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच, संबंधित पक्षों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का मामला है। वहीं थाने के गेट पर ड्रिप लगी हालत में पूर्व सरपंच के पहुंचने की तस्वीरें क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।