बानसूर कस्बे में एक निजी विद्यालय में शिक्षक द्वारा नाबालिग छात्र के साथ कथित मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। जानकारी के अनुसार देवी माता मंदिर रोड स्थित सन राइज पब्लिक स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान कक्षा-7 के एक छात्र को शिक्षक द्वारा डंडे से बुरी तरह पीटा गया।

बताया जा रहा है कि मारपीट इतनी गंभीर थी कि छात्र के हाथ से खून बहने लगा और शरीर पर कई जगह चोटों के निशान पड़ गए। परिजनों के अनुसार बच्चे का एक हाथ भी फ्रैक्चर हो गया है। आरोप है कि छात्र के जमीन पर गिर जाने के बावजूद शिक्षक ने मारपीट जारी रखी और करीब दस मिनट तक लगातार डंडे से प्रहार करता रहा।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्र का उपचार चिकित्सालय में जारी है।
इस घटना को लेकर अभिभावकों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि स्कूल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर इस तरह की घटना अत्यंत निंदनीय है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



