कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। जिले के मांढण थाना पुलिस ने गौवंश के साथ अनैतिक कृत्य के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने प्रकरण में तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश एवं जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देशन तथा नीमराना एएसपी सुरेश कुमार खींची और बहरोड़ डीएसपी सचिन शर्मा के सुपरविजन में मांढण थानाधिकारी किरण सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मेहनत और सूझबूझ के साथ कार्य करते हुए आरोपी रोहताश पुत्र बलबीर अहिर (54) निवासी भीमसिंहपुरा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को परिवादी रामवीर पुत्र नंदराम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 27 मार्च की रात आरोपी अपने प्लॉट में बंधी अपनी गाय के साथ अनैतिक कृत्य कर रहा था। गाय के जोर-जोर से रंभाने की आवाज सुनकर परिवादी मौके पर पहुंचा और घटना को देखा। इस दौरान उसने घटना का वीडियो भी बना लिया, जिसे साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपा गया।
प्राप्त रिपोर्ट और वीडियो फुटेज के आधार पर थाना मांढण में प्रकरण संख्या 79/2026 धारा 09 राजस्थान गोवंशीय पशु (वध का प्रतिषेध एवं अस्थायी प्रव्रजन या निर्यात का विनियमन) नियम 1995 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम में थानाधिकारी किरण सिंह के साथ उपनिरीक्षक विनोद कुमार, कांस्टेबल राजेश कुमार एवं अनिल कुमार शामिल रहे। फिलहाल मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है।



