अग्रसेन जयंती महोत्सव-2026 के तहत बुधवार को अग्रवाल समाज समिति एवं महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में अग्रसेन भवन में भव्य अग्र मेले का आयोजन किया गया। मेले में सुबह से ही समाजबंधुओं, महिलाओं एवं बच्चों की आवाजाही शुरू हो गई और दिनभर उत्सव का माहौल बना रहा।
मेले में कपड़े, घरेलू उपयोग की वस्तुओं, ऑर्गेनिक उत्पादों सहित विभिन्न सामानों की स्टॉलें लगाई गईं। वहीं बच्चों के लिए मनोरंजक गेम्स तथा आइसक्रीम, पिज्जा, पॉपकॉर्न, गोलगप्पे, सांभर वड़ा, पास्ता एवं भेल-मुड़ी सहित विभिन्न व्यंजनों की स्टॉलें आकर्षण का केंद्र रहीं। अर्थ फूड की ऑर्गेनिक उत्पादों की स्टॉल पर गुलकंद, शहद, नारियल तेल, सरसों तेल एवं तिल के तेल सहित उत्पाद उपलब्ध रहे।

मेले में सामान्य ज्ञान आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह से भाग लिया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

अग्रवाल समाज समिति अध्यक्ष एड. योगेश शरण बंसल ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के सभी वर्गों को एकजुट करने का माध्यम हैं। मीडिया प्रभारी हेमन्त मोरीजावाला ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 10 अक्टूबर को वार्षिक अधिवेशन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह तथा सांस्कृतिक संध्या होगी।

11 अक्टूबर को 5150वीं अग्रसेन जयंती पर भव्य शोभायात्रा, महाआरती, आतिशबाजी, लकी ड्रॉ एवं रात्रि में कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। मेले में समाज समिति के पदाधिकारियों, महिला मंडल, नवयुवक मंडल सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु, महिलाएं एवं बच्चे मौजूद रहे।
