जलभराव और सफाई व्यवस्था का मुद्दा, पार्षद ने सौंपा ज्ञापन

पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका के शहरी सेवा सेतु अभियान के तहत बुधवार को नवोदय विद्यालय के सामने पालिका परिसर में आयोजित शिविर में वार्ड नंबर 03 ललाना की समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया गया। पार्षद विनोद यादव ने वार्ड में सफाई, जलभराव, नाली, सड़क प्रकाश सहित विभिन्न आवश्यक सुविधाओं को लेकर कनिष्ठ अभियंता अनिल जोनवाल को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग रखी।

जलभराव और सफाई व्यवस्था का मुद्दा, पार्षद ने सौंपा ज्ञापन
जलभराव और सफाई व्यवस्था का मुद्दा, पार्षद ने सौंपा ज्ञापन

पार्षद ने बताया कि ललाना के मुख्य मार्ग पर लंबे समय से पानी जमा होने की समस्या बनी हुई है। करीब तीन-चार वर्षों से जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ मच्छर-मक्खियों की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इससे बीमारी फैलने की आशंका भी बनी रहती है।

जलभराव और सफाई व्यवस्था का मुद्दा, पार्षद ने सौंपा ज्ञापन
जलभराव और सफाई व्यवस्था का मुद्दा, पार्षद ने सौंपा ज्ञापन

ज्ञापन में होली चौक स्थित ब्राह्मण मोहल्ले में जलभराव दूर कराने, अस्पताल व स्कूल मैदान की सफाई, ललाना मुख्य मार्ग की सफाई तथा नालियों का निर्माण कराने की मांग की गई। वहीं नौकड़या चौराहे से मांजूकोट चौराहे तक सफाई एवं मार्ग में बाधा बन रहे पेड़-पौधों की छंटाई कराने की बात भी रखी गई।

इसके अलावा नौकड़यों की ढाणी में सफाई एवं कीटनाशक पाउडर का छिड़काव, नौकड़या चौराहे से बालजी मेघा मार्ट तक सफाई तथा रामजीलाल स्वामी के मकान से मुख्य एमडीआर रोड तक रास्ते की सफाई कराने की मांग की गई। प्रकाश सैनी के मकान से राजू सैनी के मकान तथा दिनेश सिंह शेखावत के मकान से श्रीराम स्वामी के मकानों तक सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

शिविर की अध्यक्षता कर रहीं नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष श्रीमती मीना देवी ने आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से लेने और संबंधित अधिकारियों से नियमानुसार कार्रवाई कराने पर जोर दिया। उन्होंने सेवा सेतु अभियान को नागरिकों की समस्याएं सीधे नगरपालिका तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

पार्षद विनोद यादव ने कहा कि वार्ड की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराने के लिए नगरपालिका प्रशासन के समक्ष लगातार विषय उठाए जा रहे हैं। जलभराव, सफाई और प्रकाश जैसी सुविधाओं में सुधार से वार्डवासियों को राहत मिलेगी।

ज्ञापन में दर्ज समस्याओं को नगरपालिका प्रशासन ने संज्ञान में लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

Author