अवैध खनन एवं खनन सामग्री के परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विराटनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब चार टन पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड़ सतवीर सिंह आईपीएस के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान के निर्देशन तथा विराटनगर वृत्ताधिकारी उमेश कुमार निठारवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी बाबूलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।

पुलिस के अनुसार क्षेत्र में गश्त के दौरान जादू का बास इलाके में एक महिंद्रा 575 डीआई ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया। जांच के दौरान ट्रैक्टर बिना नंबर का मिला और ट्रॉली में करीब चार टन पत्थर भरा हुआ था। वाहन चालक द्वारा खनन सामग्री के परिवहन से संबंधित आवश्यक लाइसेंस एवं परमिट प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने वाहन व पत्थर को जब्त कर लिया।
मामले में मुखराम गुर्जर (25) पुत्र प्रेमचंद, निवासी जादू का बास, थाना विराटनगर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने प्रकरण संख्या 236/2026 दर्ज कर एमएमडीआर एक्ट की धारा 4/21 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई शुरू की है। प्रकरण में अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई में थानाधिकारी बाबूलाल मीणा, हैड कांस्टेबल योगेश कुमार, कांस्टेबल कंवरसिंह, मुकेश तथा चालक कांस्टेबल नंदसिंह शामिल रहे।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर नजदीकी पुलिस थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम 9530427856 पर सूचना दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।