कस्बे के निकटवर्ती ग्राम कारोली स्थित सेठ कन्हैया लाल बद्री प्रसाद गोयल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में उस समय भावपूर्ण माहौल बन गया, जब विद्यालय भवन एवं भूमि के दानदाता रहे भामाशाह गोयल परिवार के सदस्य अपनी जन्मभूमि पहुंचे। विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाचार्य विक्रम सिंह शेखावत के नेतृत्व में भामाशाहों का माल्यार्पण, राजस्थानी पगड़ी एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कोटला मुबारकपुर, दिल्ली में किराणा एवं कपड़े का व्यवसाय कर रहे मूल रूप से कारोली निवासी गोयल परिवार ने विद्यालय के विद्यार्थियों के श्रेष्ठ परीक्षा परिणाम पर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को पेन एवं पेंसिल सेट, चार-चार अभ्यास पुस्तिकाएं, मिठाई और चॉकलेट वितरित की गईं। वहीं विद्यालय के शिक्षकों का भी माल्यार्पण कर लेखनी भेंट करते हुए सम्मान किया गया।

भामाशाह परिवार ने विद्यालय की भौतिक सुविधाओं के विस्तार के लिए 20 पंखे, सभी कक्षा-कक्षों में लाइट, चार सोलर पैनल एवं हैलोजन लाइट उपलब्ध कराने की घोषणा की। प्रधानाचार्य विक्रम सिंह शेखावत ने विद्यालय के खेल मैदान एवं सामने की चारदीवारी निर्माण की आवश्यकता से भामाशाह परिवार को अवगत कराया। इस पर गोयल परिवार ने चारदीवारी निर्माण की स्वीकृति प्रदान की।
गौरतलब है कि सेठ कन्हैया लाल बद्री प्रसाद गोयल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के भवन एवं भूमि का दान भामाशाह गोयल परिवार द्वारा पूर्व में किया जा चुका है। विद्यालय के विकास में परिवार के इस योगदान को ग्रामीण एवं विद्यालय परिवार शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सहयोग के रूप में देखता है।
कार्यक्रम में मनोहर लाल, राजेंद्र प्रसाद, महावीर प्रसाद, सुरेश चंद्र गोयल, रतन लाल गोयल, सुनील कुमार, हरिशंकर गोयल, ओमप्रकाश गोयल, एमपी गोयल, मोहन लाल गोयल, विशम्भर दयाल एवं प्रकाश गोयल सहित गोयल परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। प्रेरक एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रतिपाल सिंह शेखावत, प्रधानाचार्य विक्रम सिंह शेखावत एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ भी मौजूद रहा। अंत में प्रधानाचार्य विक्रम सिंह शेखावत ने भामाशाह परिवार का आभार व्यक्त किया।