आमजन को सरल, सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को तालुका विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में पावटा न्याय क्षेत्र में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट पूजा धानिया की अध्यक्षता में आयोजित लोक अदालत में विभिन्न श्रेणियों के कुल 557 मामलों का निस्तारण किया गया।

लोक अदालत में आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर प्रकरणों का निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान बिजली विभाग, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, यूनियन बैंक, सेंट्रल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा तथा दीपक निधि एवं विभिन्न फाइनेंस कंपनियों से संबंधित मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया अपनाई गई।

राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को आपसी सहमति से विवादों का समाधान करने का अवसर मिला। इस पहल से न्यायालयों में लंबित मामलों के निस्तारण के साथ आमजन को समय और धन की बचत करते हुए त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य को बल मिला। आयोजन के दौरान तालुका विधिक सेवा समिति से जुड़े सर्वेश कुमार, रीडर राजेंद्र तथा सहायक एडवोकेट प्रदीप सेन सहित पैनल के अन्य अधिवक्ता एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।
लोक अदालत के सफल आयोजन के बाद न्यायिक अधिकारी पूजा धानिया ने आयोजन में सहयोग करने वाले कर्मचारियों एवं कार्मिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी के सहयोग और समर्पण की सराहना करते हुए सफल संचालन में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया।