प्रागपुरा के राजकीय बालिका विद्यालय में वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित

डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को देखते हुए शुक्रवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रागपुरा में वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक प्रागपुरा के वित्तीय साक्षरता समन्वयक प्रभुदयाल बूंदवाल मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की संस्था प्रधान शर्मिला देवी ने की।

प्रागपुरा के राजकीय बालिका विद्यालय में वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित
प्रागपुरा के राजकीय बालिका विद्यालय में वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित

मुख्य अतिथि प्रभुदयाल बूंदवाल ने छात्राओं को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करें और किसी भी लालच भरे फोन कॉल के झांसे में न आएं। लॉटरी लगने, धन दोगुना करने, विदेश यात्रा कराने या नौकरी दिलाने के नाम पर आने वाले संदिग्ध संदेशों और कॉल से सतर्क रहें। उन्होंने छात्राओं को म्यूल अकाउंट यानी दूसरों के अवैध लेनदेन के लिए बैंक खाते का इस्तेमाल नहीं होने देने तथा अपना खाता किराये पर नहीं देने की सलाह दी। साथ ही पासवर्ड, ओटीपी और एटीएम पिन किसी के साथ साझा नहीं करने तथा डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वाले लोगों से भयभीत नहीं होने की बात कही।

प्रागपुरा के राजकीय बालिका विद्यालय में वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित
प्रागपुरा के राजकीय बालिका विद्यालय में वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित

उन्होंने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर सूचना दें। कार्यक्रम में छात्राओं को अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

बैंक शाखा प्रबंधक रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि डिजिटल दौर में सावधानी ही सुरक्षा की कुंजी है। ऑनलाइन लेनदेन करते समय सतर्क रहना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देना जरूरी है। संस्था प्रधान शर्मिला देवी ने बैंक प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए उपयोगी हैं। ज्ञान के साथ डिजिटल सुरक्षा की समझ भी आवश्यक है।

मंच संचालन करते हुए व्याख्याता दिपेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि साइबर सुरक्षा जागरूकता आज शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई है। विद्यार्थियों को शुरुआत से ही डिजिटल सतर्कता की जानकारी होनी चाहिए। इस दौरान श्रीमती सरिता यादव, श्रीमती स्वाति गिल्होत्रा, अजय शर्मा, कैलाश चन्द कुलदीप, दिनेश चौधरी सहित विद्यालय स्टाफ और छात्राएं उपस्थित रहीं।

Author