पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका के वार्ड नंबर 03 ललाना में नवनिर्वाचित पार्षद विनोद यादव ने वार्ड की सफाई एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर बुधवार को गलियों और मुख्य रास्तों का निरीक्षण किया। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत किए गए निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।

ललाना क्षेत्र पहले भी पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका का हिस्सा रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार यहां नियमित सफाई व्यवस्था को लेकर लंबे समय से परेशानी बनी हुई थी। कई रास्तों पर किचड़ और गंदगी जमा रहने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब वार्ड से विनोद यादव के पार्षद चुने जाने के बाद लोगों को सफाई और मूलभूत सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जगी है।

निरीक्षण के दौरान पार्षद विनोद यादव ने वार्डवासियों से उनकी रोजमर्रा की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वार्ड में स्वच्छता, बेहतर जल निकासी और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने नगरपालिका प्रशासन के सहयोग से वार्ड की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

पार्षद ने वार्ड की समस्याओं से नवनिर्वाचित चेयरमैन मीना देवी को भी अवगत कराया। इसके बाद नगरपालिका प्रशासन की ओर से सफाई कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया और वार्ड की गलियों में सफाई कार्य कराया गया।

विनोद यादव ने कहा कि वार्ड की जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे जनसेवा के माध्यम से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उनका कहना है कि वार्ड में साफ-सफाई, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार के लिए नगरपालिका प्रशासन के साथ समन्वय कर लगातार काम किया जाएगा।
