महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को पुलिस थाना विराटनगर में जनसुनवाई एवं सामुदायिक समन्वय समूह (सीएलजी) की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह, आईपीएस ने सीएलजी सदस्यों, महिला सुरक्षा सखियों, युवाओं एवं महिला प्रतिभागियों से संवाद किया।

बैठक में करीब 20 सीएलजी सदस्य तथा 5 सुरक्षा सखियों सहित यूथ एवं महिला प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। पुलिस अधीक्षक ने सदस्यों से समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने, युवाओं को अपराध एवं नशे से दूर रखने तथा साइबर अपराधों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

संवाद के दौरान महिला एवं बालिका सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों की पालना, सड़क सुरक्षा और पुलिस-जन सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ने महिला सुरक्षा सखियों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने तथा उनकी सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि सीएलजी एवं सुरक्षा सखियों का प्रमुख उद्देश्य पुलिस और आमजन, विशेषकर युवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और आपसी सहयोग को मजबूत करना है। उन्होंने आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, यातायात नियमों का पालन करने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की।
इस अवसर पर पुलिस थाना विराटनगर का औपचारिक एवं अनौपचारिक निरीक्षण भी किया गया। वहीं, महात्मा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में थाना परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, जागरूकता और पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।