
न्यूज़ चक्र, कोटपूतली। शहर के गोपालपुरा रोड पर भोला का भट्टा के समीप एक 23 वर्षीय महिला अपनी 12 महीने की बच्ची के साथ सूखे कुएं में गिर गई। सुबह लगभग 8:30 बजे अचानक हुए इस घटनाक्रम से लोग हक्के बक्के रह गए। कुएं से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर लोगों ने तुरंत स्थानीय पुलिस थाने को सूचना दी।
मौके पर पुलिस जाब्ते के साथ पहुंचे कोटपूतली थाना अधिकारी दिलीप सिंह ने तुरंत कोटपुतली नगरपालिका से दमकल मंगवाई और सहायक अग्निशमन अधिकारी सुरेश यादव को कुएं में उतारा गया। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद महिला व बच्ची को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है। महिला के पैरों में चोट बताई जा रही है जिसके बाद महिला को कोटपूतली के राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल भिजवा दिया गया है। वहीं बच्ची को परिजनों के हवाले कर दिया है।

मौके पर पहुंचे महिला के परिजनों ने बताया कि महिला मानसिक रूप से बीमार चल रही है और संभवत इसी कारण से यह दुर्घटना घटित हुई। महिला के पति दिनेश सैनी ने बताया कि वह सुबह 5:00 बजे पत्नी व बच्ची को घर छोड़ कर गया था। महिला के पति दिनेश ने किसी प्रकार के झगड़े व कहासुनी से भी इनकार किया है।
सुबह- सुबह महिला के बच्ची के साथ कुएं में गिरने की सूचना के तत्काल बाद मौके पर पहुंचे कोटपुतली पुलिस प्रशासन की सजगता व तत्परता से महिला व बच्ची को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाला गया। जिसके लिए स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं पुलिस व नगर पालिका प्रशासन ने भी सफल रेस्क्यू पर चैन की सांस ली।
Discover more from News Chakra
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




