पावटा (राजेश कुमाल हाडिया)। कस्बे से होकर गुजरने वाले दिल्ली–जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पावटा नदी बहाव क्षेत्र स्थित नहर वाली पुलिया के ऊपर शुक्रवार दोपहर केमिकल से भरा एक टैंकर अचानक टायर फटने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बैटरी ई-रिक्शा (RJ 32 E-C0092) पर पलट गया। हादसे में रिक्शा के परखच्चे उड़ गए तथा कुछ दूरी पर खड़ी स्विफ्ट डिजायर भी चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई।

सौभाग्य से दोनों वाहनों में उस समय कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा–तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर प्रागपुरा थानाधिकारी भजनाराम मय जाप्ते के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। केमिकल लदे टैंकर को देखते हुए जोखिम की गंभीरता को भांपते हुए थाना प्रभारी ने दमकल दल को बुलवाया।

दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर टैंकर पर पानी डालकर आग व रासायनिक प्रतिक्रिया की आशंका पर नियंत्रण किया। एहतियातन सड़क पर दोनों दिशाओं में लगभग 500 मीटर तक यातायात रोक दिया गया। भजनाराम ने मौके का पूरी संवेदनशीलता के साथ निरीक्षण करते हुए सुरक्षा को प्राथमिकता दी। उन्होंने बताया कि यदि समय रहते भीड़ को दूर नहीं हटाया जाता और यातायात नहीं रोका जाता तो स्थिति गंभीर रूप ले सकती थी।

थाना प्रभारी की सतर्कता, त्वरित निर्णय और बेहतर समन्वय से बड़ा खतरा टल गया। पुलिस की इस कार्यशैली की स्थानीय लोगों ने सराहना की। यूपी के बलरामपुर निवासी टैंकर चालक गौरी शंकर ने बताया कि वो बोम्बे से MH 43 BP 9448 नम्बर का केमिकल टैंकर लेकर दिल्ली की ओर नालागढ़ जा रहा था कि अचानक टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक को हल्की चोटें आई, जिसे पावटा उपजिला अस्पताल में भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में चार क्रेनों की सहायता से टैंकर को सीधा कर पुलिस ने यातायात को सुचारू कराया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो क्षेत्र के लिए राहत की बात रही।



