पावटा उपखंड क्षेत्र के ग्राम दांतिल स्थित पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में स्वर्गीय इंद्र सिंह भाटी की 10वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी के मुख्य आतिथ्य में विशाल दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई।

प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना रहा, ताकि युवा शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी रुचि लेकर शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से सशक्त बन सकें। आयोजकों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें पहचान कर उचित मंच देने की।

प्रतियोगिता संयोजक विक्रम सिंह भाटी ने अतिथियों का स्वागत किया। 400, 800 व 1600 मीटर दौड़ में सैकड़ों बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। विजेताओं को कुल ₹51,000 तक के नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच श्रीमती किरण देवी ने की। विशिष्ट अतिथियों में पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार विश्नोई, भाजपा नेता मुकेश गोयल, गिरीश राठौड़, सीएमएचओ आशीष सिंह शेखावत, विनोद सिंह, मिथलेश टांक, सुरेश मीणा, महंत अरुणपुरी जी, नारायण सिंह बहाली, अभय सिंह मावंडा, नरपत सिंह शेखावत, धर्मसिंह भैंसलाना, रघुवीर यादव, कैलाश स्वामी, ओमप्रकाश सैनी, अजय यादव, विजय यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् व ग्रामीण उपस्थित रहे।

रेफरी की भूमिका अजीत सिंह चौहान, बलवीर फौजी व महेंद्र स्वामी ने निभाई। मंच संचालन एडवोकेट विकास जांगल व सुभाष सैनी ने किया। अंत में भाटी परिवार की ओर से विक्रम सिंह भाटी व दिनेश सिंह भाटी ने सभी अतिथियों, सहयोगियों व ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।




