News Chakra

कोटपूतली में रामसिंहपुरा-गोपालपुरा रोड़ स्थित डॉ. अम्बेडकर छात्रावास में रविवार को डॉ. अम्बेडकर विचार मंच (समिति) शाखा कोटपूतली की मासिक बैठक समिति अध्यक्ष जगदीश मेघवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

कोटपूतली में डॉ. अम्बेडकर विचार मंच की मासिक बैठक, संत रविदास के विचारों पर हुआ मंथन
डॉ. अम्बेडकर विचार मंच की मासिक बैठक, संत रविदास के विचारों पर हुआ मंथन

बैठक की शुरुआत संत शिरोमणि रविदास के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनके साहित्य और सामाजिक समानता के विचारों पर चर्चा से हुई। मंच के पूर्व अध्यक्ष व संरक्षक रतिराम जीलोवा ने संत रविदास के समता व मानवता के संदेश को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

मदन लाल वर्मा मेघवाल ने भी संत रविदास के विचारों से प्रेरणा लेने पर जोर दिया। सचिव बदलूराम, जिला उपाध्यक्ष सुरेश चंद, राजेंद्र आलोरिया तथा छात्रावास नायक जोनी कुमार ने अपने विचार रखे। समिति अध्यक्ष जगदीश मेघवाल ने छात्रों को संत रविदास की शिक्षाओं को स्मरण रखते हुए मन लगाकर अध्ययन करने की प्रेरणा दी।

उत्सव प्रभारी छात्र लोकेश कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। बैठक में समसामयिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। एससी, एसटी व ओबीसी छात्रों पर बढ़ती जाति आधारित प्रताड़ना पर चिंता व्यक्त की गई तथा इसे रोकने के उपायों पर विचार किया गया।

साथ ही धौलपुर जिले के एक विद्यालय में डॉ. बी.आर. अम्बेडकर के चित्र के कथित अपमान की घटना की निंदा करते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग हेतु ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया। बैठक में ओमप्रकाश, रामनिवास सहित छात्रावास के कई छात्र उपस्थित रहे।

Categories:
Avatar photo

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *