पावटा ब्लॉक के ग्राम पंचायत भैसलाना स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भारतीय रिजर्व बैंक एवं नाबार्ड के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को आरोह फाउंडेशन द्वारा वित्तीय साक्षरता सप्ताह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बैंकिंग सुरक्षा, केवाईसी प्रक्रिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।

फाइनेंशियल काउंसलर अमित यादव ने छात्र-छात्राओं को केवाईसी, साइबर फ्रॉड से बचाव, बैंकिंग अनुशासन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना तथा प्रधानमंत्री जनधन खाता योजना के बारे में सरल भाषा में समझाया।

उन्होंने बताया कि 9 फरवरी से 13 फरवरी तक चलने वाले इस सप्ताह का मुख्य विषय केवाईसी : सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम है। कार्यक्रम में KYC की मूल जानकारी, सेंट्रल KYC रजिस्ट्री (CKYC) तथा खाता संचालन में सावधानियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रकाश डाला गया।
इस दौरान बैंक कर्मियों ने भी विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य नरसी राम गुर्जर, फाइनेंशियल काउंसलर अमित यादव, एयू बैंक से सुबेसिंह, विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



