कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बानसूर थाना क्षेत्र के हत्या प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे 50,000 रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस थाना बहरोड़ कोतवाली और जिला स्पेशल टीम (DST) की संयुक्त मेहनत का परिणाम है।

उप महानिरीक्षक पुलिस सह पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई (IPS) ने जानकारी देते हुए बताया कि जयपुर रेंज के अभियान के तहत संगठित अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में वांछित आरोपी योगेश कुमार पुत्र रोशन लाल, जाति बावरिया, निवासी बाढ़ ठेगुवास, थाना बानसूर पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी बानसूर थाने के हत्या से जुड़े प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार कोटपूतली अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान (RPS) के सुपरविजन में जिला स्पेशल टीम के प्रभारी उप निरीक्षक अंकित सामरिया (वर्तमान थानाधिकारी बहरोड़ कोतवाली) व टीम ने सटीक आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी को धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ बानसूर थाने में दर्ज अभियोग संख्या 328/2025, धारा 115(2), 126(2), 103(1) बीएनएस 10 नवम्बर 2025 में तलाश की जा रही थी।
इस कार्रवाई में जिला स्पेशल टीम के कांस्टेबल संजय (918) और प्रवीण (801) की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।



