राजस्थान विधानसभा में प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026–27 के बजट पर कोटपूतली-बहरोड़ जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेन्द्र सैनी ने विरोध स्वरूप प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में बेहद निराशाजनक है।

राजेन्द्र सैनी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाओं को या तो रोक दिया गया है या प्रभावहीन बना दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोटपूतली-बहरोड़ सहित नवगठित जिलों को मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण सौगात से वंचित रखा गया, जो क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा कि आरजीएचएस के प्रावधानों को कठोर बनाकर योजना को कमजोर किया गया है। वहीं चिरंजीवी योजना में बदलाव कर आयुष्मान योजना के नाम पर सीमित चिकित्सा सुविधा देने का प्रावधान किया गया है, जिससे आमजन को पूर्व की तुलना में कम लाभ मिलेगा।
राजेन्द्र सैनी ने सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने, नवगठित जिलों में चिकित्सा ढांचे को मजबूत करने और पूर्व की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से पुनः लागू करने की मांग की।



