विराटनगर विधानसभा क्षेत्र के पावटा ब्लॉक से वरिष्ठ नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और अन्य गणमान्य लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को राजधानी जयपुर पहुंचा। लोकतांत्रिक व्यवस्था को नजदीक से समझने के उद्देश्य से सभी ने राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल भाजपा मंडल अध्यक्ष विरेन्द्र राठी के नेतृत्व में विधानसभा पहुंचा, जहां राज्य बजट पर दूसरे दिन हुई चर्चा को ध्यानपूर्वक सुना गया।

इस दौरान विराटनगर विधायक कुलदीप धनखड़ द्वारा बजट पर व्यक्त किए गए विचारों को उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने विशेष रुचि के साथ सुना। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही को सामने से देखने का अनुभव अत्यंत ज्ञानवर्धक रहा, जिससे नीति निर्माण, जनहित और शासन व्यवस्था की कार्यप्रणाली को बेहतर तरीके से समझने का अवसर मिला।

विरेन्द्र राठी ने बताया कि इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ना और शासन व्यवस्था से अवगत कराना था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट में विभिन्न वर्गों के हितों को ध्यान में रखा गया है, जिस पर सदन में सार्थक चर्चा भी हुई।
इस अवसर पर भाजपा जिला कोषाध्यक्ष विमल गर्ग, पूर्व सरपंच एलन स्वामी, सीए कृष्ण कुमार सैनी, पूर्व जिला पार्षद ललित गोयल, अश्वनी शर्मा, बलदेव गोयल, रामावतार गोयल, उमेश टांक, नरपत सिंह, श्रीकांत मिश्रा, महेश राठी, गोरधन कुमावत सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने इसे लोकतांत्रिक जागरूकता की दिशा में प्रेरक पहल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे भ्रमण आयोजित करने की बात कही।



