स्थानीय हंस महाविद्यालय पावटा में वन राज एनसीसी बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल एस. चंद्रशेखर ने निरीक्षण दौरा कर एनसीसी इकाई की वर्षभर संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय में एनसीसी की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कैडेट्स की सहभागिता की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के अवसर पर कर्नल चंद्रशेखर ने महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट अमित सैनी एवं प्रशिक्षक लीलाराम से विशेष चर्चा की। उन्होंने वर्षभर आयोजित होने वाली गतिविधियों की समीक्षा करते हुए एएनओ अमित सैनी को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।

इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ विनोद कुमार शर्मा एवं संस्थान निदेशक पंकज बंसल से शिष्टाचार भेंट कर एनसीसी संचालन एवं भावी योजनाओं पर विचार-विमर्श किया। कर्नल ने महाविद्यालय में एनसीसी के सुव्यवस्थित संचालन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
एएनओ अमित सैनी ने जानकारी दी कि कमान अधिकारी के आगमन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में एनसीसी प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की संभावनाओं का आकलन करना था। वहीं निदेशक पंकज बंसल ने कहा कि यदि क्षेत्र में प्रशिक्षण शिविर आयोजित होता है तो यह स्थानीय युवाओं के लिए विशेष अवसर होगा तथा ग्रामीण क्षेत्र के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को एनसीसी से जुड़ने का मौका मिलेगा।
निरीक्षण दौरे को महाविद्यालय परिवार ने सकारात्मक एवं प्रेरणादायक बताया।



