पावटा बार एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत माहौल में अधिवक्ताओं का एक दल रिंगस स्थित खाटूश्याम जी के लिए पैदल यात्रा पर रवाना हुआ। यात्रा से पूर्व विधिवत पूजा-अर्चना कर निशान ध्वज की अगुवाई में श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ प्रस्थान किया।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट रामनिवास यादव के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में अधिवक्ताओं ने एकजुटता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संदेश दिया। इस अवसर पर अध्यक्ष रामनिवास यादव ने कहा कि खाटूश्याम जी की पैदल यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम भी है। हम सभी अधिवक्ता न्याय के क्षेत्र में कार्य करते हैं और ऐसी यात्राएं हमें मानसिक शांति व सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती हैं।
यात्रा में एडवोकेट राहुल बंसल, सुरेंद्र चरण, पंकज यादव, जोगेंद्र बंसल, कमल अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, दीपक गोयल, नरेश यादव, मुकेश स्वामी सहित अनेक अधिवक्ता श्रद्धाभाव से शामिल हुए। रवानगी के समय वातावरण भक्तिमय नारों से गूंज उठा और उपस्थित लोगों ने यात्रियों के सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।



