कोटपूतली-बहरोड़ जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रागपुरा पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए करीब आठ वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई (IPS) ने बताया कि जिले में लंबित वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु सभी थानाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे।

अभियान को गति देने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी विराटनगर उमेश कुमार निठारवाल (RPS) के निर्देशन में थाना प्रागपुरा प्रभारी सीआई भजनाराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम ने सतत प्रयास और सटीक आसूचना संकलन के आधार पर स्थाई वारंटी लीलाराम पुत्र नन्छुराम, जाति कंजर, निवासी कुजोता थाना सरुण्ड, जिला कोटपूतली-बहरोड़ को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी करीब आठ वर्षों से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। सीआई भजनाराम के कुशल नेतृत्व और टीम की अथक मेहनत से यह कार्रवाई संभव हो सकी। उनकी कार्यशैली से थाना क्षेत्र में अपराधियों के बीच भय और आमजन में विश्वास का वातावरण मजबूत हुआ है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन में विश्वास व अपराधियों में डर के ध्येय वाक्य को कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस लगातार चरितार्थ कर रही है। इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक एवं प्रागपुरा थानाधिकारी भजनाराम, भाभरू थाना उप निरीक्षक जयराम, प्रागपुरा थाना से कॉस्टेबल शीशराम तथा भाभरू से कॉस्टेबल राजेन्द्र की विशेष भूमिका रही।



