कस्बे के निकटवर्ती ग्राम पंडितपुरा निवासी एवं कांग्रेस नेता ओपी बायला ने जानकारी देते हुए बताया कि विनोद जाखड़ 28 फरवरी को एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण करेंगे। पदभार ग्रहण समारोह दिल्ली स्थित रायसीना रोड पर एनएसयूआई के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित किया जाएगा।

ओपी बायला, जिन्हें विनोद जाखड़ का करीबी माना जाता है, ने कहा कि यह युवा नेतृत्व के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने बताया कि समारोह में देशभर से संगठन पदाधिकारी, छात्र नेता तथा कांग्रेस से जुड़े वरिष्ठ जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल होंगे। बायला ने कहा, विनोद जाखड़ के नेतृत्व में छात्र राजनीति को नई दिशा मिलेगी। वे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और युवाओं की आवाज को बुलंद करने का कार्य करेंगे।

उन्होंने आगे बताया कि कोटपूतली-बहरोड़ जिले से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उनके नेतृत्व में दिल्ली पहुंचेंगे। कार्यकर्ताओं में इस कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। ओपी बायला ने इसे युवाओं के सशक्तिकरण और संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि आने वाले समय में एनएसयूआई छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को और प्रभावी ढंग से उठाएगी।



