कोटपूतली कस्बे के आजाद चौक स्थित तहसील परिसर में बने रामलीला मंच पर शुक्रवार को महान स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने उनके अदम्य साहस, त्याग और देशभक्ति को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

वक्ताओं ने कहा कि शौर्य से बढ़कर इस संसार में कोई शक्ति नहीं है। वीर पुरुष ही समाज और राष्ट्र की रक्षा करता है तथा उसी के साहस पर विश्व टिका रहता है। पं. आजाद ने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना तन, मन और जीवन समर्पित कर दिया। उनका “आजाद” रहने का संकल्प और अंग्रेजी हुकूमत के सामने न झुकने का जज्बा आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मां भारती की रक्षा और स्वाभिमान की खातिर दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास के स्वर्णिम अध्यायों में सदैव अमर रहेगा। उनके जीवन से हमें राष्ट्रप्रेम, त्याग और साहस की सीख मिलती है।
इस अवसर पर तहसील ब्राह्मण सभा अध्यक्ष नवरत्न शर्मा, महामंत्री वी.के. नवल, कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव डॉ. अभिलाष मीणा, के.एम. बंसल, शंकर लाल शर्मा, सुभाष घांघल, कपिल शर्मा, कमलेश मीणा, विजय यादव, विक्रम शर्मा, आशु शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।



