कोटपूतली-बहरोड़ जिले में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को प्रागपुरा पुलिस थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक दल, सुरक्षा सखी एवं पुलिस मित्रों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता सहायक उप निरीक्षक कंवर सिंह ने की।

एएसआई कंवर सिंह ने कहा कि होली व धुलंडी जैसे पर्व सामाजिक समरसता, सद्भाव और भाईचारे के प्रतीक हैं। ऐसे अवसरों पर सभी वर्गों को कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही युवाओं से अपील की कि वे संयमित तरीके से त्योहार मनाएं और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें।

बैठक में व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने कस्बे की विभिन्न समस्याओं से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। स्थानीय पुलिस थाने से मुकेश कुमार अटल ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है, लेकिन इसमें आमजन व व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने दुकानदारों से अपनी दुकानों के बाहर अतिक्रमण नहीं करने तथा वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करने का आग्रह किया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

बैठक में प्रागपुरा सदर आमीन मंसूरी, नायब सदर अयूब लुहार, बजरंग लाल यादव, सामाजिक कार्यकर्ता बलवंत मीणा, प्रवीण कुमार, हेमराज स्वामी, धर्मेंद्र कुमार, मुन्ना लाल बड़नगर, मांजूकोट से रेखा बाई यादव, गायत्री देवी, प्रागपुरा से मंजू शर्मा, संतरा शर्मा, कल्याणपुरा से पूनम कंवर, बड़नगर से रेखा देवी, भांकरी से इन्द्रावती पारिक, राजनोता से माया शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने आपसी सहयोग, भाईचारे और सामुदायिक सौहार्द के साथ होली पर्व मनाने का संकल्प लिया।



