कोटपूतली-बहरोड़ जिले के ग्राम पाथरेड़ी में रविवार को भोमिया बाबा मंदिर परिसर में विशाल मेला एवं नेहड़ा कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और परंपरा के साथ आयोजित किया गया। मेले में दिनभर ग्रामीण अंचल की रौनक देखते ही बनी। विभिन्न व्यंजनों, झूलों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर दिनभर खरीदारों की भीड़ उमड़ती रही। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में भव्य कुश्ती दंगल आयोजित हुआ।

ठेकेदार कैलाश चंद यादव (पाथरेड़ी) के सहयोग से 71 हजार रुपये की कामड़े की कुश्ती रखी गई, जिसमें सोना के अजय कुमार और बहादुरगढ़ के मंजीत खत्री के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। कड़े संघर्ष के बाद यह कुश्ती बराबरी पर छूटी। इसके साथ ही 51 हजार रुपये की एक अन्य प्रमुख कुश्ती में मोहित (छतरौली) और भोला (अदमपुर) आमने-सामने हुए।
दोनों पहलवानों ने अद्भुत ताकत और तकनीक का प्रदर्शन किया। लंबे संघर्ष के बाद निर्णायकों ने इस मुकाबले को भी बराबरी पर घोषित किया। दर्शकों ने तालियों और जयकारों के साथ दोनों पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक कलाकार राधेश्याम गंधर्व ने नेहड़ा एवं लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिससे माहौल भक्तिमय और आनंदमय हो गया। कार्यक्रम से पूर्व मेला कमेटी द्वारा अतिथियों का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सरपंच रामस्वरूप कसाना, पूर्व सरपंच शिम्भूदयाल मीणा, सतनारायण मीणा, हरिसिंह, गोपाल अग्रवाल, एडवोकेट राजेंद्र सिंह शेखावत, मुनेश मास्टर, रोहिताश नेताजी, एडवोकेट दिनेश कुमार अग्रवाल, पंच राजकुमार सिंह शेखावत, उपसरपंच महेश सिंह, महेंद्र यादव, मोती सिंह, रोहतास मीणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



